बरेली। राजेंद्रनगर में आवासीय भवनों के व्यावसायिक इस्तेमाल करने को लेकर आवास विकास परिषद ने 25 लोगों को नोटिस भेजा है। इनके खिलाफ मंगलवार से अवैध तरीके से कराए गए निर्माण को ध्वस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए परिषद ने पुलिस-प्रशासन से मजिस्ट्रेट और फोर्स भी मांग ली है।
राजेंद्रनगर में आवास विकास के आवासीय भवनों में कई लोगों ने अवैध तौर उसका कामर्शियल इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा कई लोगों ने नक्शे के विरुद्घ भी निर्माण कार्य करा लिए हैं। ऐसे भवन स्वामियों को चिह्नित किया जा रहा है। अभी 25 लोगों को नोटिस भेजा जा चुका है। एक्सईएन राजीव कुमार ने बताया कि अवैध तौर से कराए गए निर्माण कार्य को हटाने के लिए कार्रवाई मंगलवार से होनी है। इस संबंध में डीएम सहित अन्य अधिकारियों को इसकी लिखित सूचना भेजी जा चुकी है।