बरेली। दिवाली पर सुभाषनगर में अस्थायी पटाखा बाजार लगाने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) ने 50 मीटर की दूरी पर यह बाजार लगने की वजह से केवल 20 दुकानें लगाए जाने को ही उपयुक्त बताया है। इसके अलावा सीएफओ ने शहर में अन्य 11 जगहों पर भी दिवाली पर अस्थायी बाजार लगाने के लिए अनापत्ति देते हुए इसकी रिपोर्ट सिटी मजिस्ट्रेट को भेज दी है। इस आधार पर ही प्रशासन पटाखा बाजार लगाने की परमीशन जारी करेगा।
सुभाषनगर में जिस जगह पर अस्थायी पटाखा बाजार लगता है, वहां पास में ही रेललाइन है। साथ ही यहां रोड संकरा होने से अग्निशमन वाहनों का पहुंचना भी आसान नहीं है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पिछले साल भी यहां पटाखा बाजार की अनुमति देना उचित नहीं माना था। हालांकि बाद में तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार शुक्ला ने दुकानें लगाने की अनुमति दे दी थी। इस बार भी सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार ने सुभाषनगर में पटाखा बाजार लगाने की अनुमति न देने की बात कही थी, लेकिन बाद में पुलिस से रिपोर्ट मांग ली गई।
सीएफओ चंद्रमोहन शर्मा ने शहर में लगने वाले दूसरी जगहों पर पटाखा बाजार लगाने के लिए अनापत्ति दे दी है। सीएफओ ने सुभाषनगर को लेकर रिपोर्ट दी है कि पटाखा बाजार से रेल लाइन 50 मीटर दूर है। बाजार तक अग्निशमन के छोटे वाहन ही पहुंच सकते हैं। रेलवे से ग्राउंड की अनुमति लेेने के साथ ही आतिशबाजी की 20 दुकानें ही लगाई जा सकती हैं।
इन जगहों के लिए भी दे दी गई अनापत्ति
सीएफओ ने मनोहर भूषण इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, डीएवी उच्चतर माध्यमिक स्कूल, रामलीला मैदान मॉडल टाउन, यूनिवर्सिटी के सामने तुलसीनगर, तिलक इंटर कालेज, रामलीला ग्राउंड चौधरी तालाब, वीआई बाजार तिकोनिया कैंट, सदर बाजार में चर्च के पास, रामलीला मैदान हार्टमन कॉलेज, सीबीगंज थाने के सामने लोहिया बिहार पार्क में आतिशबाजी की स्थायी मार्केट लगाने के लिए अनापत्ति दे दी है।
उर्स को देखते हुए 26 से अनुमति देने का आग्रह
23 से 25 अक्तूबर तक आला हजरत का उर्स है, इसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल होंगे। भीड़ को देखते हुए सीएफओ ने प्रशासन से आग्रह किया है कि पटाखा बाजार लगाने की अनुमति केवल तीन दिन 26 से 28 अक्तूबर तक के लिए ही दी जाए।