श्मशान घाट में कौन कब बच्ची को लेकर आया और दबा गया, ये चौकीदार से लेकर बाकी स्टाफ तक को नहीं पता। पुलिस चाहे तो सीसीटीवी से उस शख्स की पहचान कर सकती है।
एक किलो से वजन कम, बच्ची की हालात नाजुक
बरेली। श्मशान भूमि में मिली करीब पांच से छह दिन की बच्ची जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती है। एक किलो से भी कम वजन की इस बच्ची की हालत बेहद नाजुक है। डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। प्रभारी सीएमएस डॉ. शशि गुप्ता ने बच्ची की स्थिति के बारे में जानकारी ली। बताया कि बच्ची को बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है।
गुरुवार रात श्मशान भूमि में एक बच्ची मटकी में मिट्टी के नीचे मिली। पुलिस ने उसे जिला महिला अस्पताल भर्ती कराया। बच्ची को एसएनसीयू में रखा गया। जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। प्रभारी सीएमएस डॉ. शशि गुप्ता का कहना है कि बच्ची पांच से छह दिन की है, प्रीमिच्योर है।
उसका वजन एक किलो से भी कम है। रात में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालात में कोई सुधार नहीं हो रहा है। बच्ची मिट्टी के नीचे दबी थी जिस कारण उसकी हालात ज्यादा खराब हुई। उन्होंने बताया कि बच्ची को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।