बरेली। वर्ष 2010 से 2013 के बीच राजेंद्रनगर स्थित जिला सहकारी बैंक में पेंशन की धनराशि में गड़बड़ी की शिकायत की जांच हो रही है। इसके रिकार्ड प्रोबेशन अधिकारी, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग सहित कई अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाने है, लेकिन अभिलेख अब तक नहीं दिए गए हैं। डीएम के निर्देश पर समाज कल्याण अधिकारी की तरफ से अफसरों को नोटिस जारी किए गए हैं।
शासन के पास इसकी शिकायत पहुंची थी कि विभिन्न पेंशन योजनाओं में गड़बड़ी हुई है। फर्जी खातों से धनराशि हड़पी गई है। इस प्रकरण की जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन कर रहा है। जांच अधिकारियों नेे प्रशासन से जिला प्रोबेशन अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण और दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी से पेंशन संबंधी रिकार्ड उपलब्ध कराने को कहा था। इस संबंध में कई बार समाज कल्याण अधिकारी की तरफ से नोटिस भी जारी हुए लेकिन अफसरों ने पेंशन के दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं। लिहाजा जांच लटकी हुई है।
अफसरों को रिकार्ड देने चाहिए। इसमें लापरवाही हो रही है तो इस संबंधित अधिकारियों पर शिकंजा कसा जाएगा। इस बाबत अफसरों को फिर से निर्देशित किया जाएगा। - वीरेंद्र कुमार सिंह, डीएम