बरेली। सफाई कर्मचारियों को दो अक्तूबर से एप के जरिये ऑनलाइन हाजिरी देने की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। अधिकारियों ने एनआईसी के स्टाफ की मदद से एप को शुरू करने के संबंध में सारी जानकारी जुटा ली है। वहीं, डीएम ने डीपीआरओ से सफाईकर्मियों और उनसे लिए जा रहे काम का ब्योरा भी तलब किया है।
गुरुवार को प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा की समीक्षा बैठक में विधायकों ने पंचायत राज विभाग के करीब 19 सौ सफाई कर्मचारियों के गांवों में न जाने की शिकायत की थी। बताया, तमाम सफाई कर्मी अफसरों के बंगलों पर लगे हैैं या उनकी गाड़ियां चला रहे हैं और कुछ नेतागिरी कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस पर अधिकारियों ने दो अक्तूबर से सभी सफाई कर्मचारियों की एप के जरिये ऑनलाइन हाजिरी की तैयारी शुरू कर दी है। सफाई कर्मी इस एप को मोबाइल पर डाउनलोड करेंगे और हर दिन ड्यूटी पर पहुंचकर अपनी सेल्फी उस एप पर अपलोड करेंगे। डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद का कहना है कि दो अक्तूबर से इसे लागू करने की तैयारी है।