बरेली। क्रेन के हेल्पर की तहरीर पर अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद व्यापारी नेता देवेंद्र जोशी भी शुक्रवार रात कई व्यापारियों के साथ अपनी तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचे। उन्होेंने क्रेन स्टाफ पर बिना अनाउंसमेंट किए अपनी कार उठाने, अभद्रता करने और एसपी ट्रैफिक ऑफिस परिसर में साथियों के साथ हमला करने के आरोप लगाते हुए तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने कहा है कि एसपी ट्रैफिक ने ही उन्हें बचाया।
शुक्रवार देर शाम कोतवाली में क्रेन के हेल्पर रामबहादुर की शिकायत पर देवेंद्र जोशी और उनके 4-5 अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसकी सूचना मिलने के बाद रात में देवेंद्र जोशी भी व्यापारियों और नेताओं के साथ तहरीर लेकर कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि क्रेन स्टाफ ने बिना अनाउंसमेंट उनकी कार उठाई और विरोध करने पर अभद्रता की। वह अपने साथी उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष शोभित सक्सेना, जिलाध्यक्ष राजकुमार राजपूत आदि के साथ एसपी ट्रैफिक से शिकायत करने उनके कार्यालय पहुंचे तो पहले से साथियों के साथ मौजूद क्रेन स्टाफ ने उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
क्रेन हेल्पर ने जिन्हें अज्ञात बताया, जोशी ने अपनी तहरीर में लिख दिए उनके नाम
क्रेन के हेल्पर रामबहादुर की ओर से कोतवाली में जो तहरीर दी गई उसमें सिर्फ देवेंद्र जोशी का नाम था। मारपीट के आरोपी बताए गए उनके चार-पांच साथियों के नाम नहीं दिए गए थे। लेकिन रात में देवेंद्र जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में अपने साथियों के भी लिख दिए।