बरेली। जल शक्ति अभियान के तहत तालाबों के संरक्षण की कवायद शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने सीबीगंज के गांव खड़ौआ स्थित तालाब की खुदाई शुरू कराई है। इस तालाब का रकबा 0.278 हेक्टेयर है, जिसका अधिकांश भाग अनदेखी के चलते पट चुका है और अब यहां अवैध कब्जे शुरू हो गए हैं।
शुक्रवार को मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम ने तालाब के रकबा का चिह्नांकन किया और उसके बाद खुदाई कार्य शुरू कराया। तालाब की खुदाई के बाद इसकी सफाई करके किनारे पत्थर लगाकर सुरक्षित किए जाएंगे ताकि मिट्टी का कटान होने से तालाब दोबारा न पट जाए। बता दें कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार ने जल संरक्षण को लेकर जल शक्ति के नाम से एक नया विभाग बनाया है। इसके तहत ही एक जुलाई से तालाबों का संरक्षण कार्य शुरू किया गया है ताकि पृथ्वी पर जल संचय किया जा सके।