बरेली। लाल फाटक रोड पर एक सितंबर से बंद नहीं होगा। इस रोड पर ट्रैफिक न बंद करने के लिए डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को उत्तर रेलवे के डीआरएम को फैक्स भेजा था जिस पर डीआरएम की ओर से एक महीने और ट्रैफिक बंद न करने की सहमति दे दी गई। रेलवे अफसरों को मनाने के मोर्चे पर कामयाबी के बाद प्रशासन के सामने अब वैकल्पिक मार्गों को जल्द शुरू कराने की चुनौती है। इस बीच लालफाटक की जगह चनेहटी क्रॉसिंग से ट्रक समेत दूसरे भारी वाहनों के आने-जाने के लिए रेलवे ने रोड की एक साइड को मिट्टी से पाटने की भी मंजूरी दे दी है।
रेलवे ने लाल फाटक क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण करने के लिए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से एक सितंबर से यातायात बंद कराने को कहा था। रेलवे के इस पत्र से पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। वजह यह थी कि लालफाटक रोड बंद होने से बदायूं रोड की ओर ट्रैफिक का सारा लोड चौपुला पर आ जाना था। चूंकि चौपुला पर पहले से ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है लिहाजा यह मुमकिन नहीं था कि बदायूं रोड का सारा ट्रैफिक आसानी से इधर से गुजार दिया जाए। एडीएम सिटी महेंद्र कुमार ने सेतु निगम और एसपी ट्रैफिक के साथ मीटिंग भी की थी। रेलवे अफसरों ने पहले तो एक सितंबर से लालफाटक रोड बंद न करने की बात मानने से इनकार कर दिया था लेकिन जब शनिवार को डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने डीआरएम मुरादाबाद को इस संबंध में फैक्स भेजा तो डीआरएम ने इस पर सहमति दे दी। इसके बाद प्रशासन और पुलिस अफसर वैकल्पिक मार्गों पर जल्द ट्रैफिक शुरू करने की कवायद में जुट गए हैं। इस बीच अधिकारियों की ओर से यह दिक्कत भी जताई गई है कि लालफाटक की जगह अगर चनेहटी क्रॉसिंग की तरफ से ट्रक समेत दूसरे भारी वाहन निकाले जाएंगे तो क्रॉसिंग से लालफाटक की तरफ रोड संकरा होने के कारण जाम लगने से हमेशा दिक्कत रहेगी। इसे देखते हुए रेलवे ने चनेहटी क्रॉसिंग से लालफाटक रोड को मिलाने वाली सड़क को चौड़ा करने के लिए एक तरफ मिट्टी के पटान को भी मंजूरी दे दी है। इसके अलावा बदायूं आने-जाने के लिए फरीदपुर से बुखारा रोड पर भी ट्रैफिक को जल्द डायवर्ट करने की तैयारी चल रही है।
लालफाटक पर एक सितंबर से ट्रैफिक बंद न करने के लिए डीएम की तरफ से रेलवे डीआरएम को फैक्स भिजवा दिया गया है। वैकल्पिक मार्गों को जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
-महेंद्र कुमार सिंह, एडीएम सिटी