बदायूूं। सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास पाने वाले लोगों को इस बार सरकार ‘गृह प्रवेश’ कराएगी। साथ ही सुंदरता और पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर सभी घरों के बाहर सहजन के दो-दो पौधे लगाए जाएंगे। इसको लेकर जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शासन से निर्देश मिलने के बाद में ग्राम्य विकास अभिकरण की ओर से तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं।
ग्राम्य विकास अभिकरण की ओर से वर्ष 2016 से 2019 तक करीब 16 हजार प्रधानमंत्री आवास बनाए गए है। इन सभी आवासों का विभाग की ओर से सर्वे और जियो टैगिंग कराई गई। विभाग की मानें तो सभी आवास पात्र व्यक्ति को दिए गए हैं, जिनमें अधिकांश आवासों में लाभार्थी परिवार समेत रह रहे हैं। कुछ आवासों में अभी काम चल रहा है। इसके चलते अभी कुछ परिवार घर में नहीं रह पा रहे हैं। इस बार सरकार की मंशा इन सभी लोगों को एक साथ धूमधाम से गृह प्रवेश कराने की है। इस आयोजन का मकसद अपनत्व की भावना को विकसित करना है। अभी कार्यक्रम की तिथि निर्धारित नहीं है। हालांकि निर्देश मिलने के बाद में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे गए हैं। वहीं इन आवासों के बाहर पर्यावरण सुरक्षा की दृष्टि से गृहप्रवेश के दौरान हर आवास में दो-दो सहजन के पौधे लगाए जाएंगे। गृहप्रवेश और पौधारोपण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत स्तर पर तय की गई है। इसके लिए उद्यान और वन विभाग की ओर से पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
रंगाई-पुताई भी कराई जाएगी
-ऐसे प्रधानमंत्री आवास, जिन्हें बने हुए दो से तीन साल हो चुके हैं। ऐसे आवासों पर रंगाई-पुताई भी कराई जाएगी, ताकि आवास एक जैसे दिखाई दें, साथ ही घरों के बाहर नाम व योजना संबंधी पट्टिका लगाई जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुछ आवास अभी अधूरे हैं। उनको तेजी से पूरा कराया जा रहा है। जिले में करीब 16 हजार पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास मुहैया कराए जा चुके हैं। इन सभी आवासों के बाहर दो-दो सहजन के पौधे लगाए जाएंगे।
- अनिल कुमार, परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण