बदायूूं। खाद की किल्लत किसानों को अभी भी परेशान किए जा रही है। दुकानों के आगे रोजाना लंबी-लंबी लाइन लग रही हैं, जबकि विभाग का दावा है कि दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में खाद मौजूद है, साथ ही रोजाना खाद का वितरण अधिकारी, कर्मचारियों की मौजूदगी में किया जा रहा है, लेकिन फिर भी किसान परेशान हो रहे हैं। बुधवार को भी केंद्रों पर खाद लेने वालों की लाइनें लगी रहीं और किसान धक्कामुक्की करते नजर आए।
सरकार चाहती है कि किसानों की आय दोगुनी हो। उसके लिए लगातार नई-नई स्कीमों को चला रही है, साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है कि किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। लेकिन जिले में इस वक्त किसानों की लाइन खाद क्रय केंद्रों और प्राइवेट दुकानों के बाहर दिखाई दे रही है। उसे देखकर ऐसा बिल्कुल भी नहीं लग है कि जिले में खाद पर्याप्त मात्रा में है। क्योंकि प्राइवेट दुकानदारों की ओर से खाद के कट्टे को महंगे दामों पर किसानों के लिए बेचा रहा है। ऐसे में मजबूर किसान पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। जबकि विभाग का दावा है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद के कट्टे मौजूद हैं। दो से तीन दिन के अंदर किसानों की लाइन खत्म होना शुरू हो जाएगी। विभाग की मानें तो बुधवार को जिले में दुकानों पर 40 हजार खाद के कट्टे मौजूद थे। इसमें 12 हजार से अधिक कट्टे इफको के हैं, जिनका वितरण जिले के छह इफको केंद्रों पर कराया जा रहा है।
जिले में इस वक्त पर्याप्त मात्रा में खाद मौजूद है। कुछ जगह दुकानों से किसानों की भीड़ भी कम होने लगी है। बस किसान थोड़ा धैर्य से काम लें। दो से तीन दिन में अधिकांश किसानों को खाद मिल चुकी होगी।
-विनोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी