बरेली। लाल फाटक रोड पूरी तरह वाहनों के लिए बंद होने और चौपुला चौराहा निर्माण की वजह से संकरा होने पर बदायूं-आगरा दिशा के वाहनों का आवागमन व्यापक रूप से प्रभावित हो सकता है। ऐसे में रोडवेज बसों को शहर से बाहर रोककर संचालित करना मजबूरी होगी। पहले ऐसी स्थिति में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और प्रशासनिक टीम बंद पड़े नेकपुर चीनी मिल कैंपस में अस्थाई बस स्टैंड बनाने को चिह्नीकरण कर चुकी है। इस बार पुरानी कवायद पर अमल हो सकता है।
रेलवे एक सितंबर से करीब डेढ़ साल के लिए लाल फाटक रोड को वाहनों के लिए पूरी तौर से बंद कराने को प्रयासरत है। ओवरब्रिज निर्माण के लिए इसकी जरूरत बताई गई है। हालांकि अभी तक प्रशासन और पुलिस ने इसके लिए सहमति नहीं दी है। रेलवे से ये भी अनुरोध किया जा रहा है कि वह फोरलेन पुल की बजाय पहले टूलेन पर काम कर ले जिससे वाहनों को एक तरफ से निकालने के लिए जगह बच सके। बावजूद माना जा रहा है कि रेलवे की जिद वाली स्थिति में रोड को बंद करना मजबूरी होगी। वहीं, चौपुला चौराहे पर ओवरब्रिज का विस्तार अब सिटी स्टेशन रोड की ओर बढ़ रहा है। यहां सेतु निगम की कवायद से रोड संकरा होने जा रहा है जिसका खामियाजा बदायूं, मथुरा और आगरा जाने वाले वाहनों को जल्दी ही भुगतना पड़ सकता है। लाल फाटक रोड बंद होने पर वाहनों का पूरा दबाव जब चौपुला पर पड़ेगा तो लंबा जाम और परेशानी होना तय मानी जा रही है।
ऐसी स्थिति में यातायात पुलिस कई विकल्पों पर अंदरखाने ही मंथन कर रही है। लाल फाटक रोड बंद होने की स्थिति में ट्रक जैसे बड़े वाहनों को फरीदपुर बुखारा होकर बदायूं, आगरा दिशा में निकालना तय है। साथ ही बसों को चौपुला पुल से नीचे बंद पड़ी नेकपुर चीनी मिल परिसर तक अस्थायी रोडवेज बस स्टैंड बनाकर लाया जा सकता है। पिछली बार जब लगातार एक्सीडेंट से लाल फाटक रोड बंद हुआ था तो इसके लिए नापजोख भी हो चुकी है। यातायात पुलिस के अफसर इस बारे में रोडवेज अफसरों संग प्लान बनाने पर विचार कर रहे हैं। ऐसा हुआ तो चौपुला पर केवल छोटे वाहनों का आवागमन ही रह जाएगा जो मौजूदा लोड का बमुश्किल चालीस फीसदी ही है।
अभी किसी रोड पर संचालन बंद या कम करने को लेकर संयुक्त बैठक होनी है, इसके बाद ही विकल्पों को लेकर चर्चा होगी। नेकपुर चीनी मिल में पहले बस स्टैंड बनाने का विचार था, इस बार जरूरत पड़ी तो परिवहन निगम अधिकारियों से इस बारे में बात की जाएगी।- एससी गंगवार, एसपी ट्रैफिक
रेलवे के अनुरोध के बारे में जानकारी है। लाल फाटक रोड बंद होने से बदायूं, आगरा दिशा की बसों के संचालन की दिक्कत होनी तो तय है पर प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर ऐसी रणनीति बनाएंगे कि यात्रियों को असुविधा कम से कम हो। नेकपुर चीनी मिल परिसर में स्टैंड बनाने को लेकर अभी स्थिति तय नहीं है। - चीनी प्रसाद, एआरएम बरेली डिपो