उझानी (बदायूं)। नगर पालिका परिषद बोर्ड ने विकास कार्यों को रफ्तार देने और नागरिकों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए कई ऐसे प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की है जिससे शहर की दशा सुधरेगी और लोगों को सुविधाएं भी मिलेंगी। जहां कूड़ा संग्रह को निजी संस्था के जरिए सफाई होगी और व्यवसायिक क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को भी लागू की जाएगी। वही प्रमुख पार्कों के सौंदर्यकरण के साथ नगर पालिका कैंपस स्थित पार्क में ओपन जिम खुलेगा।
पालिका बोर्ड की बैठक बुधवार शाम को कैंपस स्थित सभागार में हुई। अध्यक्ष पूनम अग्रवाल की ओर से विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए जो प्रस्ताव मंजूर किए गए, उनमें एक दर्जन से अधिक स्थानों पर नई सड़कों का कार्य भी कराया जाएगा। ज्यादातर सड़के सीमेंटेड और इंटरलॉकिंग की बनेगीं। डोर टू डोर कूड़ा संग्रह के लिए प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई। पहले चरण में हालांकि 11 वार्डों में इसे लागू किया जा रहा है लेकिन अच्छा रेस्पांस सामने आने पर आगे शुरू किया जा सकता है। इसी के तहत व्यवसायिक क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई का काम भी ठेके पर शुरू होगा। इसके लिए पालिका प्रशासन वाहन भी खरीदेगा।
प्रमुख प्रस्तावों के तहत मेन मार्केट स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण पार्क और आंबेडकर पार्क का सौंदर्यकरण भी कराया जाएगा। दोनों पार्कों में लोगों के बैठने के लिए सीटें और लाइटिंग की व्यवस्था भी होगी। नियमित सफाई भी कराई जाएगी। पालिका कैंपस स्थित उमंग पार्क में ओपन जिम खुलेगा। ईओ डॉ. धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि ओपन जिम में सेहत सुधारने से जुड़े सभी उपकरण उपलब्ध रहेंगे। नया फर्नीचर खरीदने, खस्ताहाल आवासीय परिसर की मरम्मत कराने, पुराने वाहनों की मरम्मत कराके उन्हें सुरक्षित खड़े करने के लिए टीनशेड बनेगा। एक अन्य प्रस्ताव के तहत पालिका डेड वॉडी फ्रीजर भी खरीदेगा। अध्यक्ष अग्रवाल ने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। बैठक में अरुण अग्रवाल, रामादेवी, रामप्रवेश यादव, सचिन अग्रवाल, सत्येंद्र कुमार गुप्ता, शाहिस्ता, अजय यादव, धर्मवीर यादव, मुख्तरी, राजवती, हरीओम, शौकत हुसैन, ओमप्रकाश अदलक्खा आदि मौजूद थे।
पालिका के भवनों में बनेगा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
उझानी। जल संचय योजना के तहत पालिका प्रशासन भी कदम बढ़ाएगा। डीएम ने पिछले दिनों इस दिशा में सभी पालिका और पंचायतों के लिए आदेश भी किया था। इसी के तहत पालिका प्रशासन कार्यालय कैंपस, एमजीपी कॉलेज, नगर पालिका अशर्फीदेवी कॉलेज और ओवरहेड टैंक के परिसरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएगा। इस पर होने वाला खर्च भी पालिका प्रशासन उठाएगा।