बरेली। कमिश्नरी बार एसोसिएशन ने बुधवार को भी अपर आयुक्त प्रशासन की कोर्ट का बहिष्कार जारी रखा। कमिश्नरी बार की एक बैठक में वकीलों ने आमराय से यह प्रस्ताव पारित किया।
बार एसोसिएशन की बैठक में वकीलों ने कहा कि अपर आयुक्त प्रशासन की कोर्ट में अपील निगरानी को काल बाधिता पर निरस्त किया जा रहा है। सरसरी तौर पर अर्न्तवर्ती आदेश दर्शा कर उनको खारिज किया जा रहा है। अपील में अंतिम बहस के बाद आदेश न करके अपील निगरानी को दोबारा बहस के लिए लगा दिया जाता है। सचिव शिव शंकर लाल की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछली बार मंडलायुक्त के हस्तक्षेप से हड़ताल समाप्त कर दी गई थी, लेकिन उसका कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। उन्होंने बहिष्कार जारी रखने का फैसला किया है। इसके अलावा वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल अपर आयुक्त प्रशासन की स्थानांतरण की मांग को लेकर राजस्व परिषद के अध्यक्ष से मिलेगा। बैठक में मौजूद रहने वालों में अध्यक्ष डीपी सिंह, केसी पाराशरी, आरपी मिश्रा, अनुराग सक्सेना, राजेश पांडे, सुधीर रस्तोगी, शशि मिश्रा आदि शामिल हैं।