बरेली। करीब चार माह बाद कैंट में चिह्नित नौ पार्किंग स्थल पर साइकिल से लेकर बस तक का पार्किंग शुल्क निर्धारित कर दिया गया है। पार्किंग के लिए सर्वे, अनापत्ति और शुल्क तय होने के बाद अब पार्किंग टेंडर की प्रक्रिया पूरी होगी। कैंट बोर्ड में सड़कों पर वाहन खड़ा करने पर चालकों से जुर्माना वसूलने के निर्देश राजस्व विभाग की टीम को दिए गए हैं। मंगलवार को कैंट बोर्ड मीटिंग में प्रस्तावित पार्किंग शुल्क के प्रस्ताव पर बोर्ड ने मुहर लगा दी है। इसके अलावा सभी 11 प्रस्तावों पर भी मुहर लगा दी है।
राजस्व बढ़ाने के लिए इसी साल कैंट बोर्ड ने कैंट क्षेत्र के खाली पड़े स्थानों पर पार्किंग बनाने का निर्णय लिया। आनन-फानन में कैंट में खाली पड़े स्थानों पर पार्किंग का खाका तैयार हुआ लेकिन कवायद सुस्त पड़ गई। लेकिन अधिकारियों ने सड़कों पर खड़े वाहनों से जुर्माना वसूलना शुरू कर दिया। मामले पर सभासदों ने बिना पार्किंग जुर्माना वसूलने का विरोध किया तो अभियान ठप पड़ गया। इसके बाद फिर पार्किंग की मुहिम शुरू हुई। अधिकारियों ने पूर्व में चयनित स्थलों को बोर्ड से पास कराया और अब शुल्क निर्धारित कर पार्किंग के बाबत टेंडर किए जाने के प्रस्ताव भी पास करा लिया है। सभासद मदन सिंह बिष्ट के मुताबिक टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही पार्किंग शुरू हो जाएगी। राजस्व निरीक्षण विकास के मुताबिक पार्किंग शुरू होेने के बाद सड़क ों पर खड़े वाहनों से जुर्माना वसूला जाएगा। बैठक में कैंट बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर इंद्रजीत सिंह समेत कैंट अधिकारी और सभासद शिखा नायर, मीता सती, अब्दुल हमीद व अन्य मौजूद रहे।
यहां बनाए गए पार्किंग स्थल
चिह्नित नौ पार्किंग स्थल में सेंट मारिया गौरेटी इंटर कॉलेज के बाहर की खाली पड़ी जगह को कैंट ने पार्किंग स्थल बना दिया है। बच्चों को कॉलेज लेने आने वालों पेरेंट्स को पार्किंग शुल्क देना पडे़गा। इसके अलावा सीजीएस एडज्वॉइनिंग चर्च की बाउंड्री वाल के पास, युगवीणा के सामने वाटर वर्क्स, धोपा मंदिर के पीछे सुलभ शौचालय के पास, कैंट गोडाउन, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम के सामने, बीआई बाजार में हाउस नंबर 61, 62 और बीआई बाजार, शॉप नंबर 79 के पास, सुलभ शौचालय के पास खाली पड़ी जमीन को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
जिम की फीस में कैंट और डीईओ स्टाफ को मिली छूट
कैंट के जनरल अस्पताल के वर्ष 2016 में बनी जिम में नए उपकरण लगाए जाने और कैंट, डीईओ के अधिकारी कर्मचारियों से रियायती दर पर फीस वसूूली का प्रस्ताव बोर्ड में रखा गया। प्रस्ताव पर कैंट ने मुहर लगा दी है। नई दर में ग्रुप सी के कर्मचारियों को मासिक डेढ़ सौ, ग्रुप डी के लिए सौ, कैंट बोर्ड सदस्यों के लिए निशुल्क और इसके अलावा अन्य सभी से तीन सौ रुपये शुल्क वसूला जाएगा। इसके अलावा बदायूं रोड पर कमर्शियल वाहनों के लाइसेंस शुल्क वसूलने के लिए टेंडर आवेदन, टीसी रिपेयर, री सरफेसिंग, नागरिक समिति का गठन, आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में प्रबंधन समिति का गठन पर चर्चा के बाद मुहर लगी है।
यह रहेगा पार्किंग शुल्क
कमर्शियल
वाहन प्रतिदिन मासिक
ईरिक्शा 10 200
ऑटो 15 300
फोर व्हीलर 25 500
मिनी बस 40 800
बस 50 1000
प्राइवेट
साइकिल 5 100
बाइक 10 200
चार पहिया 20 400