इंस्पेक्टर के घर में किरायेदार पीएनबी के सहायक महाप्रबंधक की मौत
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। रामवाटिका कॉलोनी में इंस्पेक्टर के घर किराए पर रह रहे पीएनबी के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र गुप्ता की अपने कमरे में संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। उनके मुंह में इनहेलर लगा मिला। वे अस्थमा के रोगी थे, इसी वजह से मौत होने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद परिवार शव लेकर लखनऊ रवाना हो गया।
लखनऊ के इंदिरा नगर मुंशी नाला निवासी 57 वर्षीय राजेंद्र गुप्ता पंजाब नेशनल बैंक में सहायक महाप्रबंधक थे। करीब डेढ़ महीने पहले ही वे बरेली में ट्रांसफर होकर आए थे और सिविल लाइंस ब्रांच में बैठते थे। यहां रामवाटिका में इंस्पेक्टर रविंद्र प्रताप सिंह के घर की दूसरी मंजिल में किराए पर रह रहे थे। रविंद्र प्रताप बिजनौर क्राइम ब्रांच में तैनात हैं। गुरुवार सुबह राजेंद्र के बैंक न पहुंचने पर प्रबंधक ने कॉल की तो फोन रिसीव नहीं हुआ। दोपहर बारह बजे कैंटीन से एक युवक को भेजा तो उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। नीचे से मकान मालकिन आईं और दूसरी चाबी से लॉक खोला तो कमरे में राजेंद्र मृत अवस्था में मिले। उनके मुंह में इनहेलर लगा था। सूचना पर बैंक के तमाम अधिकारी और कर्मचारी आ गए। श्यामगंज चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह ने शव का पंचनामा भरा। लखनऊ से भाई शिवकुमार गुप्ता आए। बताया कि राजेंद्र गुप्ता सांस के रोगी थे।