बहेड़ी। नैनीताल हाईवे किनारे लकड़ी फैलाकर सड़क पर कब्जा करने वाले व्यापारियों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसने की कवायद शुरू कर दी है। अब ऐसे लकड़ी व्यापारियों को नोटिस तामिल कराने की कार्रवाई शुरू हो गई है। तीन दिन के अंदर सड़क से लड़की न हटाने वालों का सामान जब्त कर मौके पर ही जुर्माना वसूला जाएगा।
हाईवे पर लकड़ी व्यापारियों के अतिक्रमण को कमिश्नर ने गंभीरता से लेकर स्थानीय प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम ममता मालवीय ने बुधवार को राजस्व विभाग की टीम को लगाकर हाईवे किनारे लकड़ी का व्यापार करने वालों को चिह्नित कराया और नोटिस तामिल करने के आदेश दिए। इसकी जद में शाह से लेकर सिमरा ही नहीं, देवरनिया से लेकर आमडंडा तक कार्रवाई होगी। लकड़ी के अलावा रेता बजरी, अवैध अतिक्रमण तक हटाए जाएंगे।
हाईवे को तीन दिन के अंदर अतिक्रमणकारी पूरी तरह से खाली कर दें। खुद टीम के साथ पहुंचकर सामान तो जब्त करेंगी ही साथ ही जुर्माना भी वसूलेंगी। जरूरत पड़ी तो जेल भी भेजा जा सकता है। किसी तरह की हादसा होने पर अतिक्रमणकारी ही जिम्मेदार होंगे। - ममता मालवीय, एसडीएम बहेड़ी।