बरेली। बरेली-बीसलपुर रोड पर ‘ब्लैक स्पॉट’ के तौर पर चिह्नित हुए खतरनाक मोड़ों का इलाज अब इस सड़क को फोरलेन करके किया जाएगा। इस सड़क को पीडब्ल्यूडी से नेशनल हाईवे यानी एनएच को हस्तांतरित होने के बाद उसे फोरलेन किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि फोरलेन होने के बाद सड़क पर खतरनाक मोड़ कम होंगे और हादसों का खतरा भी घटेगा। एनएच अफसरों के मुताबिक उन्होंने इसके लिए टू लेन के डिजाइन में बदलाव कर डीपीआर बनानी शुरू कर दी है।
बीसलपुर रोड से शाहजहांपुर और लखीमपुर की ओर जाने वाला ट्रैफिक लगातार बढ़ रहा है। बीसलपुर तक इस सड़क पर कई खतरनाक मोड़ हैं। करोड़ों रुपये फूंके जाने के बावजूद सड़क की हालत भी बेहतर नहीं है, इस वजह से अक्सर इस सड़क पर हादसे होते रहते हैं। इसी के मद्देनजर शासन ने इस रोड को पिछले महीने पीडब्ल्यूडी से एनएच को हस्तांतरित करा दिया था। इसके बाद इस रोड के एनएच के मानक के अनुसार टू-लेन से फोरलेन बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। एनएच अफसरों के मुताबिक सड़क को फोरलेन करने के लिए डीपीआर बनाने की शुरूआत कर दी गई है। यह भी आंकलन किया जा रहा है कि सड़क को चौड़ा करने के लिए कितनी और जमीन की जरूरत होगी। एनएच के एक्सईएन गगन ने बताया कि फोरलेन बन जाने से रोड पर मोड़ भी कम हो जाएंगे।