वन क्षेत्र में शूटिंग की परमिशन देने के लिए मांगे दो लाख
- मुंबई से बरेली पहुंचे फिल्म कलाकारों और निर्माता ने मुख्यमंत्री से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। बरेली में मुक्काबाज, अलीगढ़, बरेली की बर्फी समेत कई बड़े बजट की फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। इन फिल्मों के निर्माताओं ने बरेली में शूटिंग के लिए कई लोकेशन की सराहना की तो मुंबई के अन्य से फिल्मों के और निर्माता भी यहां पहुंचने लगे हैं। हाल ही में वृक्ष फिल्म की शूटिंग के लिए मुंबई से बरेली पहुंची टीम को वन क्षेत्र में एक लोकेशन पसंद आई। उन्होंने वन विभाग से परमिशन मांगी तो वन अफसरों ने इसके बदले निर्माता से दो लाख रुपये की मांग कर दी। प्रोड्यूसर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इसकी शिकायत की है।
प्रोड्यूसर संजय कुमार सिंह ने बताया कि वशिष्ठ फिल्म के बैनर तले सीएम योगी आदित्यनाथ की पर्यावरण संरक्षण की थीम पर ‘वृक्ष’ मूूवी बना रहे हैं। करीब 60 लोगों की टीम मुंबई से बरेली पहुंची। शूटिंग के लिए सीबीगंज के वन क्षेत्र सिल्वा साल की लोकेशन पसंद आई। परमिशन मांगी तो पहले वन विभाग ने मना कर दिया। बाद में एक वनकर्मी ने परमिशन दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी। मना करने पर परमिशन देने से इनकार कर दिया गया। टीम करीब 10 दिन से परमिशन के लिए भागदौड़ कर रही है।