15 साल की मियाद पूरी कर चुके 43 हजार वाहनों की आरसी सस्पेंड
अब ये वाहन चलते पकड़े गए तो कर दिए जाएंगे सीज
आरसी के नवीनीकरण को दी गई है एक महीने की मोहलत
बरेली। अगर आपके पास 15 साल की मियाद पूरी कर चुका दो या चार पहिया वाहन है तो तत्काल उसके रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण करा लें। परिवहन विभाग ने ऐसे 43 हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया है। इनमें 40 हजार दो पहिया और बाकी तीन हजार चार पहिया वाहन शामिल हैं। जांच के दौरान अगर ये वाहन चलते पकड़े गए तो उन्हें सीज कर दिया जाएगा।
एआरटीओ आरपी सिंह ने बताया कि जिले में 48 हजार दो पहिया और 38 सौ चार पहिया वाहनों की मियाद सितंबर, 2019 में पूरी हो चुकी है। इन सभी वाहनों के स्वामियों को छह माह का वक्त देते हुए आरसी रिन्यू कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन छह माह बाद भी सिर्फ नौ हजार लोगों ने ही अपने वाहनों की आरसी का नवीनीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि सड़क एवं राजमार्ग परिवहन मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार नवीनीकरण न कराने वाले वाहनों की आरसी सस्पेंड कर दी गई है। इन वाहन स्वामियों को अब एक महीने की मोहलत दी गई है। अगर इस अवधि में भी नवीनीकरण प्रक्रिया पूरी नहीं कराई तो वाहन सीज कर दिए जाएंगे। 31 जनवरी तक नवीनीकरण कराने पर किसी तरह की पेनाल्टी नहीं लगेगी।
ऑनलाइन फीस जमा कर बनवा लें एचएसआरपी
मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के तहत अब वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाना अनिवार्य कर दी गई है। एआरटीओ ने जिले के सभी नए और पुराने वाहनों के लिए एचएसआरपी बनवाने के निर्देश दिए हैं। वाहन स्वामी इसके लिए संबंधित वाहन डीलर से भी संपर्क कर सकते हैं। हालांकि, इससे पहले वाहन चालकों को परिवहन विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर फीस जमा करनी होगी, लेकिन प्लेट उन्हीं वाहनों के लिए जारी होगी, जिनका चालान न हुआ हो और आरसी सस्पेंड या रद न हुई हो।