नमन को 94.14 और साक्षी को मिले 91.86 परसेंटाइल
बरेली। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) कोझीकोड की ओर से आयोजित कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (कैट) का परीक्षा परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। इस परीक्षा में शहर के नमन सक्सेना ने 94.14 और साक्षी कनौजिया 91.86 परसेंटाइल पाकर परिवार का नाम रोशन किया है।
सरस्वती विहार, सुरेश शर्मा नगर निवासी नमन सक्सेना ने अपनी सफलता का श्रेय परिजन को दिया है। नमन ने कहा कि बचपन से ही उनका सपना था कि वह आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में पढ़ाई करें। वहीं, सीबीगंज निवासी साक्षी कनौजिया ने बताया कि कैट परीक्षा पास करने से वह और उनका पूरा परिवार उत्साहित है। परिवार के सहयोग के चलते ही वह सफलता प्राप्त कर सकीं। बता दें कि आईआईएम ने 24 नवंबर 2019 को इस परीक्षा का आयोजन किया था। कंप्यूटर आधारित कॉमन एडमिशन टेस्ट की परीक्षा दो चरणों में आयोजित की गई थी। बताया जाता है कि पिछले दस वर्षों के दौरान वर्ष 2019 में कैट की परीक्षा में सर्वाधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।