बहगुल नदी के पुल के करीब तीन ट्रकों के पंक्चर होने से हालत बेकाबू, 40 घंटे से परेशानी झेल रहे लोग
फतेहगंज पूर्वी। बरेली-शाहजहांपुर हाईवे पर शनिवार दोपहर से लगा जाम रविवार देर रात तक खत्म नहीं हो सका। इसकी वजह से वाहन चालकों समेत सफर कर रहे लोग करीब 40 घंटे से परेशानी झेल रहे हैं। वहीं रविवार दोपहर में बहगुल नदी के पुल के करीब तीन ट्रकों के पंक्चर होने से जाम और बढ़ गया। काफी मशक्कत के बाद भी पुलिस जाम खत्म कराने में विफल रही।
बरेली-शाहजहांपुर हाईवे पर शनिवार को दोपहर दो बजे एक ट्रक के खराब होने और हुलासनगरा क्रॉसिंग के बार-बार बंद होने से जाम लग गया। पुलिस ने ट्रक को हटवाकर जाम बहाल करने की कोशिश की तो क्रॉसिंग के बंद होने से जाम बढ़ता गया। कुछ देर में जाम के हालात बेकाबू हो गए। पुलिस ने काफी मशक्कत की तो गाड़ियां रेंगने लगीं। देर रात तक सिलसिला चलता रहा लेकिन जाम से मुक्ति नहीं मिली। रविवार को जाम के खत्म होने के आसार थे लेकिन बहगुल नदी के पुल के करीब तीन ट्रकों के पंक्चर होने से फिर जाम बढ़ता गया। इस दौरान कुछ वाहन चालकों ने जैतीपुर रोड की तरफ से जाने की कोशिश की लेकिन वहां भी जाम लग गया।