बरेली। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शहर में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर यानी आई ट्रिपल सी बनाने का रास्ता भी साफ हो गया है। इस योजना के तहत करीब 50 करोड़ से शहर में सीसीटीवी कैमरे, ट्रैफिक सिग्नल और इंडीकेटर लगाए जाएंगे।
इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के लिए अब तक जगह का चुनाव नहीं हो सका है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि इसे स्मार्ट सिटी के ऑफिस परिसर में ही बनाया जाएगा। इसमें वीडियो सर्विलांस और डाटा सेंटर रूम, 112 कंट्रोल रूम, फारेंसिक इन्वेस्टिीगेशन रूम, स्टोरेज ऑफ फीड्स यानी वीडियो डाटा रूम, नियंत्रण कक्ष आदि का निर्माण किया जाएगा। सेंटर में यातायात नियंत्रण, संपत्ति-भूमि रिकार्ड प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट निगरानी-नियंत्रण, ठोस कचरा प्रबंधन, एसटीपी पानी की गुणवत्ता की निगरानी, पेयजल आपूर्ति की निगरानी, पर्यावरण निगरानी, शहरी सेवा सहयोग केंद्र और मोबाइल एप के माध्यम से नागरिक भागीदारी को भी सुनिश्चित करने का दावा किया जा रहा है।
अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में प्रस्ताव का तकनीकी परीक्षण पूरा
इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर के लिए निगम की ओर से डीपीआर बनाकर पिछले दिनों तकनीकी परीक्षण के लिए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी भेजा गया था। निगम अधिकारियों के अनुसार डीपीआर का परीक्षण पूरा हो चुका है। जल्द ही इसका टेंडर निकालकर इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इस महीने की 20 से 25 तारीख के बीच टेंडर निकाले जाने की उम्मीद है।