नई बनी सड़क, बसी आबादी और अन्य निर्माण कार्य भी सर्किल रेट में होंगे दर्ज
बरेली। करीब चार सालों बाद बरेली में जमीनों के भाव नए सिरे से निर्धारित किए जा रहे हैं। अबकी बार शहर की सीमा से दस किमी के दायरे में सर्किल रेट की नई दरें प्रस्तावित की गई हैं। नए रेट मंगलवार को सार्वजनिक होंगे। बुधवार से इन पर आपत्तियां ली जाएंगी। इनके निस्तारण के लिए 30 जुलाई को बैठक होगी और फिर नई दरें जिलाधिकारी के पास अनुमोदन के लिए भेज दी जाएंगी।
सोमवार को कलक्ट्रेट में सर्किल रेट के संबंध में एडीएम (एफआर) मनोज पांडेय, एआईजी (स्टांप) बीसी सिंह और सभी एसडीएम की बैठक हुई। इसमें प्रस्तावित दरों पर चर्चा की गई। अबकी बार शहर की सीमा से दस किलोमीटर के दायरे में चार सालों में हुए सभी निर्माण कार्यों और जहां आबादी बसी हैै, उन सभी जगहों के रेट पांच से 15 फीसदी तक बढ़ाए जाने प्रस्तावित हैं। एआईजी स्टांप ने बताया कि इस संबंध में सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में जमीनें चिह्नित कर हफ्ते भर में रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है।
एडीएम ने बताया कि 20 जुलाई मंगलवार को प्रस्तावित सर्किल रेट की दरें सार्वजनिक की जाएंगी। 21 से 26 जुलाई तक आपत्तियां ली जाएंगी। 30 जुलाई को उनके निस्तारण के लिए आखिरी बैठक होगी और फिर नए सर्किल रेट की सूची जिलाधिकारी के पास अनुमोदन के लिए भेज दी जाएगी। अगस्त के पहले हफ्ते में नई दरें लागू होने की उम्मीद है।
पिछले सर्किल रेट पर दर्ज हुई थीं 27 आपत्ति
जुलाई, 2020 में सर्किल रेट तय करने के लिए बैठक के बाद बिल्डर, कारोबारी और काश्तकारों आदि से आपत्तियां मांगी गईं थीं। क्रेडाई समेत अन्य 27 लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इनमें नोट बंदी और कोरोना महामारी के चलते रियल स्टेट कारोबार मंदा होने की बात कहकर सर्किल रेट न बढ़ाने का अनुरोध किया गया था। एआइजी स्टांप ने रिपोर्ट डीएम को सौंपी थी, लेकिन इसी बीच शासन ने अग्रिम आदेश तक प्रक्रिया स्थगित कर दी थी।
प्रस्ताव के तहत दर्ज हो रही गाटा संख्या
प्रस्तावित सर्किल रेट के तहत नई बनी सड़क, आवासीय कॉलोनियों और खेती योग्य भूमि पर निर्माण कार्यों के बाबत गाटा संख्या खोजने के निर्देश एआईजी स्टांप ने अफसरों को दिए हैं। इन्हें दस्तावेजों में शामिल किया जाना है। बताते हैं कि जहां भी नए व्यावसायिक निर्माण हो रहे हैं, वहां जमीनों के दाम भले कम हों लेकिन भूमि स्वामी ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इससे शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है।
पूर्व में तैयार सर्किल रेट में बढ़ाई गईं दरें
अफसरों ने बताया कि पिछले साल कोरोना काल के दौरान तैयार किए गए सर्किल रेट पर ही पांच से 15 फीसदी दरें बढ़ाई गई हैं। शहर के पॉश इलाकों में करीब 15 और शहर के बाहरी इलाकों में पांच फीसदी या उससे अधिक दरें बढ़ाई गईं हैं। ठीक इसी तर्ज पर तहसीलों में भी दाम निर्धारित किए गए हैं। जिन्हें आपत्ति होगी, वे लिखित में आपत्ति कार्यालय में दर्ज कराएंगे, उनका निस्तारण किया जाएगा।
सर्किल रेट के तहत प्रस्तावित दरें (रुपये/प्रति वर्गमीटर)
स्थान (कहां से कहां तक) वर्तमान दर प्रस्तावित दर
- श्यामगंज चौराहा, बताशे वाली गली 42000 48000
- चौपुला से सिटी स्टेशन किला क्रॉसिंग 33000 37000
- चौपुला से कुतुबखाना चौराहे तक 46000 52000
- गांधी उद्यान से श्यामगंज तक 45000 51000
- श्यामगंज से जाट रेजीमेंट चौराहे तक 40000 45000
- रामपुर बाग से बरेली कॉलेज तक 50000 56000
- कलक्ट्रेट चौराहे से ऑफिसर्स हॉस्टल 45000 51000
- चौकी चौराहे से चौपुला चौराहे तक 45000 51000
- बरेली जंक्शन से जेल चौराहा 46000 52000
- जेल रोड से चौकी चौराहा 46000 52000
- बीओबी से डीआईजी कार्यालय तक 40000 45000
- डीआईजी कार्यालय से महालक्ष्मी टॉवर 48000 54000
- बरेली कॉलेज से श्यामगंज चौराहा तक 40000 45000
- श्यामगंज से थाना बारादरी तक 42000 48000
- बारादरी थाना से संजयनगर तिराहा 42000 48000
- सिकलापुर से साहू गोपीनाथ स्कूल 40000 45000
- मठ चौकी से बारादरी थाना चौराहा 42000 48000
- कुतुबखाना से बांसमंडी तक 42000 48000
- चौकी चौराहा से पटेल चौक तक 56000 63000
- पटेल चौक से नॉवल्टी चौराहा तक 62000 70000
- चौकी चौराहा से सर्किट हाउस चौराहा 46000 52000
- चौकी चौराहा से गांधी उद्यान 55000 62000
- सर्किट हाउस से हेड पोस्ट ऑफिस 45000 51000
- सर्किट हाउस से बैंक ऑफ बडौदा 45000 51000
सर्किल रेट की प्रस्तावित दरें मंगलवार को जारी कर लोगों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। अंतिम बैठक में निस्तारण के बाद डीएम के पास सूची भेज दी जाएगी।- मनोज पांडे, एडीएम एफआर
शहर की सीमा से करीब दस किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी नए निर्माण और बसी आबादी में सर्किल रेट पांच से 15 फीसदी की वृद्धि प्रस्तावित है। गाटा संख्या चिह्नित करने को कहा है। - बीसी सिंह, एआईजी स्टांप बरेली