बरेली। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सीबीगंज में सीआईआईआईटी (सेंटर फॉर इनवेंशन, इनोवेशन, इक्यूबेशन एंड ट्रेनिंग) सेंटर बनेगा। पूरे प्रदेश में इस सेंटर के लिए केवल 5 आईटीआई का चयन किया गया है, इनमें सीबीगंज आईटीआई भी शामिल है।
जेडी वोकेशनल एजुकेशन रामराज यादव ने बताया कि यूपी सरकार का राष्ट्रीय स्तर की कंपनी से मेमोरेंडम ऑफ अंडर स्टैंडिंग है, जिसके तहत पहले फेज में अलग-अलग आईटीआई में आधुनिक वर्कशॉप बनाई गई थीं। दूसरे फेज में सीआईआईआईटी सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है।जिसके माध्यम से छात्र-छात्राएं लघु अवधि (शॉर्ट टर्म) के कोर्स कर पाएंगे। साथ ही इसके माध्यम से विद्यार्थियों में स्टार्टअप शुरू करने, इंडस्ट्री का संचालन करने, आधुनिक स्किल व तकनीक सीखेंगे। साथ ही नए आविष्कार करने में भी इस सेंटर की बड़ी भूमिका रहेगी।
सीबीगंज आईटीआई के प्रधानाचार्य शिव कुमार शर्मा ने बताया सीआईआईआईटी सेंटर के बनने से पहले की औपचारिकता पूरी हो चुकी है। जिसके लिए मिट्टी की गुणवत्ता की भी जांच व नाप-जोख भी हो चुकी है। इसका निर्माण 3200 वर्ग मीटर में किया जा रहा है, इसके लिए पहले जमीन तैयार होगी, इसके बाद स्टील का सेटअप तैयार किया जाएगा। सेंटर में कई आधुनिक मशीनें व कंप्यूटर लैब भी तैयार की जाएगी। दीपावली के बाद इसका निर्माण कंपनी शुरू करेगी, जो दो से तीन महीने में पूरा होगा। संवाद