बरेली। ट्रैफिक समस्या का समाधान न होने से चौपुला फ्लाईओवर का काम करीब दो माह से घिसट रहा है। इससे इस प्रोजेक्ट को लेकर हो रही देरी से सेतु निगम के अधिकारी की टेंशन बढ़ रही है। इस मामले को लेकर सेतु निगम के अफसरों ने ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों से बात कर किला रोड पर भी निर्माण शुरू कराने की अनुमति मांगी थी, लेकिन एसपी ट्रैफिक ने एक माह बाद शुरू होने वाले आला हजरत के उर्स के मद्देनजर फिलहाल इंतजार करने को कहा है।
रेलवे ने लालफाटक ओवरब्रिज का काम शुरू करने के लिए एक सितंबर से लालफाटक पर ट्रैफिक को बंद करने के लिए प्रशासन को चिट्ठी भेजी थी। बावजूद इसके यहां यातायात बंद नहीं किया गया। कारण, अगर यहां का ट्रैफिक डायवर्ट होता तो चौपुला पर दबाव बढ़ जाता, जिससे वहां जाम की समस्या बनी रहती। वहीं दूसरी ओर चौपुला रोड पर भी ट्रैफिक का दबाव कम नहीं होने से चौपुला फ्लाईओवर का काम लगभग ठप हो चुका है।
ट्रैफिक पुलिस के अफसरों का कहना है कि जब तक यातायात की दिक्कत हल न हो जाए, किला की तरफ फ्लाईओवर का निर्माण शुरू नहीं किया जा सकता। हालांकि सेतु निगम अयूब खां रोड के बाद चौकी चौराहे की तरफ भी इस फ्लाईओवर के लिए फाउंडेशन बना चुका है। अब किला रोड पर फाउंडेशन तैयार की जानी है। इस प्रोजेक्ट में देरी से परेशान सेतु निगम के अधिकारियों ने ट्रैफिक पुलिस से किला रोड की ओर काम शुरू करने की अनुमति मांगी थी। उनका कहना था कि लालफाटक पर अस्थायी रोड बनाकर ट्रैफिक की समस्या का हल निकाला जा सकता है, जिससे चौपुला रोड पर भी काम बाधित नहीं होगा।
23 से 25 अक्तूबर तक आला हजरत का उर्स है। इससे चौपुला पर काफी भीड़ रहेगी। इसलिए किला की तरफ फ्लाईओवर बनाने का काम उर्स के बाद शुरू हो किया जाए। -सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी ट्रैफिक