शाहजहंपुर। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री चिन्मयानंद से पांच करोड़ की फिरौती मांगे जाने के मामले में जेल में बंद संजय, सचिन उर्फ सोनू और विक्रम की न्यायिक हिरासत मंगलवार को 14 दिन के लिए और बढ़ा दी गई। वहीं छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद चिन्मयानंद की न्यायिक हिरासत पर 3 अक्तूबर को सुनवाई होगी। फिरौती मामले में जेल भेजी गई दुष्कर्म पीड़ित छात्रा की हिरासत पर 7 अक्तूबर को सुनवाई होनी है।
फिरौती मांगे जाने के आरोप में एसआईटी ने तिलहर के गांव बंथरा निवासी संजय सिंह, विक्रम सिंह और गाजियाबाद निवासी सचिन उर्फ सोनू को 20 सितंबर को गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। हिरासत अवधि पूरी होने पर मंगलवार को कोर्ट ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये उन्हें 14 दिन तक और न्यायिक हिरासत में रखने की बात बताते हुए 14 अक्तूबर को अगली तारीख तय कर दी है।
वहीं चिन्मयानंद की न्यायिक हिरासत पर सुनवाई की तारीख 3 अक्तूबर तय की गई थी। चूंकि दोनों पक्षों के आरोपियों को एक ही दिन 20 सितंबर को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया था इसलिए तारीख अलग-अलग होने पर उठ रहे सवालों पर अभियोजन अधिकारी लाल साहब सिंह ने बताया कि सुरक्षा कारणों की वजह से तारीख अलग-अलग दिन तय की गई है।