नकटादाना चौराहे के पास मार्ग पर आए चाइनीज मांझा को हटाते बाइक सवार। संवाद
पीलीभीत। सख्ती के दावों के बीच चाइनीज मांझा की बिक्री हुई। कोतवाली पुलिस ने दो विक्रेताओं को गिरफ्तार किया। उनके पास से चाइनीज मांझा के नौ बंडल बरामद किए। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों का चालान किया है।
वसंत पंचमी के अवसर पर होने वाली पतंगबाजी के दौरान चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई दिनोंं से पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की टीमें सक्रिय थीं। अभियान चलाकर छापामार कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसके बावजूद चाइनीज मांझा की बिक्री पर रोक नहीं लग सकी। बृहस्पतिवार शाम कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो पतंग विक्रेताओं को चाइनीज मांझा बेचते हुए पकड़ा।
पहली कार्रवाई कोतवाली क्षेत्र के नावकूड़ रोड पर की गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक युवक को रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चाइनीज मांझे के पांच बंडल बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नितिन मौर्य, निवासी आवास विकास कॉलोनी बताया। दूसरी कार्रवाई मोहल्ला बाग गुलशेर खां में की गई। पुलिस ने चार बंडल अवैध चाइनीज मांझा बरामद किया। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम लक्ष्मण मौर्य, निवासी बाग गुलशेर खां बताया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वसंत पंचमी पर बिक्री करने के लिए चाइनीज मांझे की खेप लेकर आए थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से बरामद चाइनीज मांझे को सीज कर दिया है। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।