बरेली। जिले के प्रमुख शैक्षिक संगठनों की ओर से परिषदीय विद्यालयों का समय परिवर्तन करने की मांग की गई है। शिक्षकों का कहना है कि गर्मी और उमस के कारण आए दिन किसी न किसी स्कूल में बच्चे बेहोश हो रहे हैं।
बढ़ती उमस से विद्यार्थियों के साथ ही शिक्षक भी परेशान हो रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर शुक्रवार को आलमपुर जाफराबाद के प्राथमिक विद्यालय तखतपुर में सहायक अध्यापक राखी गुप्ता की वीडियो साझा की गई। वीडियो में बेहोश शिक्षिका के पास बैठे शिक्षक व बच्चे हाथ वाले पंखा से हवा करते हुए दिख रहे हैं। कुछ लोग चेहरे पर पानी की छिटें डाल रहे हैं। शुक्रवार को नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय एजाज नगर में एक छात्रा बेहोश हो गई। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय तखतपुर आलमपुर जाफराबाद में भी एक बच्ची को चक्कर और उल्टी आई, जिससे उसे घर भेज दिया गया। नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय मॉडल किशोर बाजार में बच्ची बेहोश हो गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। यूटा जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में विद्यालय समय में बिजली न के बराबर आ रही है। दोपहर में अत्यधिक उमस हो जाती है। इससे पठन-पाठन करने में कठिनाई हो रही है। बिजली व्यवस्था चौपट होने से भी दिक्कते आ रही हैं।
डीएम और बीएसए को लिखा पत्र
विभिन्न शैक्षिक संगठनों ने जिला अधिकारी (डीएम) और बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह से विद्यालय संचालन के समय में बदलाव की मांग की है। इसमें यूनाइटे टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यालय संचालन सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाए। इस संबंध में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की जिला अध्यक्ष प्रियंका शुक्ला, महिला शिक्षक संघ की जिला अध्यक्ष प्रवेश कुमारी यादव, जूनियर शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा व प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नरेश गंगवार ने भी अधिकारियों से समय परिवर्तन की मांग की। कहा कि जब तक गर्मी है तब तक अग्रिम आदेशों तक विद्यालय संचालन दोपहर 12 बजे तक किया जाए।