नवाबगंज। आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने को लेकर लोग रात-रात भर बैंकों के सामने गेट पर सोकर रात काटने को मजबूर हैं। बावजूद आधार कार्ड में अपडेट को लेकर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में एसडीएम ने बैंकों के शाखा प्रबंधकों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
तहसील नवाबगंज में बैंक ऑफ बडौदा, भारतीय स्टेट बैंक, कैनरा बैंक, बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक व दूरभाष केंद्र में नए आधार कार्ड बनाने व आधार कार्ड में संशोधन का कार्य किया जा रहा हैं। इन बैंकों में प्रतिदिन 30 आधार कार्ड ही संशोधित किए जाते हैं। दिन भर बैंकों के सामने भारी भीड़ जुटी रहती है। बैंकों के सामने भारी भीड़ होने पर लोगों का नंबर नहीं आ रहा है। ऐसे में लोग रात में ही बैंकों के गेट के सामने ही जमा हो जाते हैं।
मामले में एसडीएम मल्लिका नैन ने बताया कि बैंकों के सामने रात-रात भर जागकर आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए लोग जुट रहे हैं। व्यवस्था में सुधार के लिए बैकों के शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं। संवाद