नवाबगंज। वॉलीबॉल खेलने को लेकर गांव में दो समुदायों के बच्चों में जमकर मारपीट हुई। इस मामले में गांव के पूर्व प्रधान ने सूचना डायल 112 को दी। कंट्रोल रूम से आई सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने नवाबगंज पुलिस को मौके पर भेजकर कार्रवाई के आदेश दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कस्बे से सटे ईधजागीर गांव में सोमवार की शाम को दूसरे समुदाय के लड़के वाॅलीबाल खेल रहे थे। इसी बीच गांव से एक सिख समुदाय का लड़का अपने साथी से आकर वॉलीबाॅल कोर्ट के पास खड़ा होकर देखने लगा। इसी बीच किसी बात को लेकर सिख समुदाय के लड़के के साथ दूसरे समुदाय के लड़कों के बीच गाली-गलौज हो गई। इसके बाद मारपीट हो गई थी। इस बीच ग्रामीणों ने आकर बीच-बचाव कराया।
इससे नाराज सिख समुदाय का लड़का मंगलवार को अपने साथियों के साथ दोबारा उक्त स्थल पर पहुंचा। इसे देखते हुए गांव के एक पूर्व प्रधान के पति ने डायल 112 पुलिस को फोन कर दिया। मामला दो समुदाय के बीच का होने पर सूचना एसएसपी तक पहुंच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने नवाबगंज पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। संवाद
-
मामले में जांच चल रही है : कोतवाल
112 और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला दो समुदाय से जुड़ा देख पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस मामले में कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि गांव में वॉलीबॉल खेलने को लेकर बच्चों में विवाद हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।