आमडंडा रेलवे फाटक के सामने सड़क पार कर रहा था, तभी हुआ हादसा
बहेड़ी। सड़क पार कर रहे एक मासूम बच्चे को तेज रफ्तार डंपर ने नैनीताल रोड हाईवे पर टक्कर मार दी। इसमें बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बच्चे के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजकर डंपर को थाने लाकर खड़ा करवा दिया है।
आमडंडा गौटिया निवासी चार वर्षीय दक्ष पुत्र अरुण मां शशि देवी के साथ फोरलेन मार्ग पर ग्राम डांडी अभयचंद में आमडंडा रेलवे फाटक के सामने सड़क पार कर रहा था। शाम छह बजे हाईवे से गुजर रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
हादसे की जानकारी लगते ही इंस्पेक्टर संजय तोमर मौके पर पहुंचे और डंपर को थाने में खड़ा करवा लिया। घटनास्थल पर बच्चे की मां शशि रो-रोकर अपने कलेजे के टुकड़े को आवाज दे रही थी। उसने बताया कि उसके दो पुत्र हैं। बड़े बेटे कि हादसे में जान चली गई। संवाद