बरेली। सीएम योगी आदित्य नाथ के 14 नवंबर को पीलीभीत आगमन को लेकर यहां भी अफसरों को अलर्ट कर दिया गया है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि सीएम कुछ देर के लिए बरेली भी आ सकते हैं। सीएम के दौरे को लेकर कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने बुधवार को पीलीभीत पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। एडीएम (प्रशासन) सहित कई अफसरों की भी ड्यूटी पीलीभीत में लगा दी गई है।
बृहस्पतिवार को दोपहर पौने तीन बजे मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से पीलीभीत जिले में बीसलपुर के पास मुड़िया नूरानपुर में भगवान शंकर के मंदिर पहुंचेंगे। इसके बाद वह सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर पीलीभीत के साथ ही बरेली का जिला प्रशासन भी चौकन्ना हो गया है। अधिकारियों को समय से दफ्तर में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि सीएम का यहां आने का कोई प्रोग्राम तो नहीं है लेकिन मातहतों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।