समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए दल ने कई महत्वपूर्ण मुहिम चलाईं
बरेली। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित एक समारोह में फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक के अगरास गांव के महिला मंगल दल को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से जिला स्तरीय पुरस्कार से नवाजा गया। दल की ओर से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कई महत्वपूर्ण मुहिम चलाई गईं। टीम की सक्रियता और सेवा भाव को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया।
मंगल दल ने ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों को सशक्त बनाने के लिए आत्मरक्षा के गुर सिखाए। पैड डिस्ट्रीब्यूशन अभियान के जरिए महिलाओं में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और शिक्षा व महिला अधिकारों के प्रति गांव-गांव जाकर अलख जगाने जैसे काम किए। सम्मानित होने वालों में दीक्षा, आकांक्षा सक्सेना और ऋषिका सक्सेना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं। संवाद