बरेली। राधेश्याम गुप्ता मेमोरियल आल इंडिया सीनियर रैकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में मंगलवार शाम को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में कई प्लेयर्स खूब जूझे। यूपी की विनय कुमार सिंह और रिया मुखर्जी की जोड़ी ने छत्तीसगढ़ के वेंकेट गौरव प्रसाद और जूही देवांग की जोड़ी को 22-20 स्कोर के कड़े मुकाबले में हराकर फाइनल खेलने का रास्ता साफ कर लिया। यह मुकाबला सेमीफाइनल में सबसे रोचक और कड़ा रहा।
डोरीलाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस टूर्नामेंट में मंगलवार को सेमीफाइनल के 30 मैच हुए। सभी प्लेयर्स फाइनल के लिए जूझते दिखाई दिए। नेहा पंडित और रेवती के बीच हुए मुकाबले में नेहा ने 21-18 के स्कोर से जीत हासिल कर फाइनल को दौड़ लगाई। मध्य प्रदेश के आदित्य जोशी ने चिराग सेन को 21-13 स्कोर से हराया। हरियाणा के हृातिक जिंदल और हार्दिक मक्कर की जोड़ी ने मोहम्मद रेहान और वेलावन की जोड़ी को 21-15 के स्कोर से पराजित किया। महाराष्ट्र की रेवाती ने छत्तीसगढ़ के साई उत्तेजिठा को 22-20 के स्कोर से हराया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले भी हुए। उनमें भी प्लेयर्स ने खूब मोर्चा लिया। बैडमिंटन एसोएिशन के सचिन अनिल मेहरोत्रा ने बताया कि बुधवार को टूर्नामेंट के अंतिम दिन दोपहर एक बजे से फाइनल मैच खेले जाएंगे। उसके नतीजों के बाद डीएम पुरस्कार वितरण करेंगे।