सीबीगंज। बाइक सवार युवक ने गश्त कर रहे सिपाही की चीता बाइक को टक्कर मार दी। विरोध पर सिपाही और होमगार्ड से धक्का-मुक्की कर बाइक में तोड़फोड़ कर दी और थाने में भी हंगामा किया। पांच लोगों के खिलाफ बलवा और सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सीबीगंज थाने में तैनात सिपाही विपिन कुमार हमराह होमगार्ड जगदीश के साथ शनिवार रात नौ बजे चीता बाइक से गश्त कर रहे थे। डॉ. सहानी क्लीनिक के पास विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार आशीष शुक्ला ने उन्हें टक्कर मार दी। आशीष शुक्ला नशे की हालत में था। विरोध पर वह हमलावर हो गया और तोड़फोड़ कर दी। आरोपी की बहन दीक्षा, मां आशा शुक्ला, पड़ाेसी मनोज व एक अन्य भी वहां आ गए। सिपाही और होमगार्ड थाने पहुंचे तो आरोपी पक्ष ने वहां भी हंगामा किया। सिपाही सूर्या ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उससे भी धक्का-मुक्की की। महिला डेस्क पर तैनात शोभना से अभद्रता की।
सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर सीबीगंज राधेश्याम का कहना है कि बाकी हमलावरों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।