बरेली। फाइनेंस कंपनी का एजेंट बनकर साइबर ठग ने इज्जतनगर के गांव रहपुरा चौधरी निवासी इमरान खान को 25 हजार रुपये का चूना लगा दिया। इमरान ने मामले की शिकायत एसएसपी से की तो इसकी जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है।
इमरान का कहना है कि उनका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा में है और वह ऑनलाइन लेनदेन करते हैं। मंगलवार को एक व्यक्ति ने उन्हें फोन करके खुद को बजाज फाइनेंस कंपनी का एजेंट बताया। पूछा, उनके भाई पर भुगतान बाकी है, जमा करेंगे या नहीं। उन्होंने आरोपी की बात अपने भाई से कराई तो उन्होंने कुछ समय बाद रुपये जमा करने को कहा। इस पर आरोपी ने उन्हें झांसा दिया कि कहीं से उसके 25 हजार रुपये आ रहे हैं। उन्हें अपने खाते में लेकर बकाया जमा कर दो, उसे रुपये बाद में दे देना। अनजान होने के बावजूद वह उसके झांसे में आ गए और अपने गूगल पे अकाउंट की डिटेल दे दी। दूसरी ओर से 25 हजार रुपये आने का मेसेज भेजा गया और जैसे ही उन्होंने उस मेसेज पर क्लिक किया, उनके खाते से 25 हजार रुपये कट गए। इसके बाद 10 हजार रुपये का एक और मेसेज आया लेकिन उन्होंने उसे ओपन नहीं किया। रुपये कटने के बाद आरोपी को फोन किया तो नंबर स्विच ऑफ मिला। इमरान की शिकायत पर एसएसपी ने साइबर सेल को जांच सौंपी है।