साइबर पुलिस ने की कार्रवाई, छह जनवरी को दर्ज हुई थी रिपोर्ट
विज्ञापन
डीडीपुरम में खोला था कॉल सेंटर, भोपाल के युवक से की थी ठगी
बरेली। कॉल सेंटर खोलकर नौकरी के नाम पर ठगी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर साइबर पुलिस ने जेल भेज दिया है। उनका एक साथी अभी फरार है। आरोपियों ने भोपाल के एक युवक से नौकरी लगवाने के लिए डेढ़ लाख रुपये की ठगी की थी।
नवाबगंज के गांव सतना नंदपुर के पुनीत गंगवार, टाहप्यारी के अफसार और फिरोजाबाद में जसराना निवासी शुभम कुमार ने डीडीपुरम में कॉल सेंटर खोला था। यहां से आरोपी लोगों को नौकरी लगवाने के लिए फोन करके ठगी करते थे। भोपाल निवासी अभिषेक भी इन ठगों के झांसे में आ गए और नौकरी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये गंवा बैठे। अभिषेक ने छह जनवरी को साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई तो आरोपी कॉल सेंटर बंद करके भाग गए। साइबर थाना प्रभारी अनिल यादव के मुताबिक विवेचना के दौरान आरोपियों के नाम सामने आए तो पुनीत और अफसार को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद हुआ है। आरोपी एक लाख 28 हजार छह सौ रुपये भी अभिषेक के अकाउंट में ट्रांसफर कर चुके हैं। आरोपी शुभम कुमार की तलाश जारी है।
नौकरी दिलाने वाली वेबसाइट से चोरी करते थे डाटा
इंस्पेक्टर अनिल यादव के मुताबिक, आरोपी नौकरी दिलाने वाली वेबसाइट से बेरोजगार युवाआें का डाटा चोरी करते थे। इसके बाद लड़कियों के माध्यम से या खुद ही उन्हें फोन करके नौकरी दिलाने का झांसा देते थे फिर खर्चे के नाम पर रुपये ठग लेते थे। अभिषेक का नंबर लेने के बाद आरोपियों ने फोन करके बताया कि उनका चयन हो गया है और उनकी ई मेल आईडी पर एक कंपनी का फर्जी ऑफर लेटर भी भेजा। इसके बाद सिक्योरिटी समेत अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर उनसे रुपये ठग लिए।