दवाओं की जांच करती एफएसडीए की टीम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
एफएसडीए टीम की कार्रवाई से बाजार में मची अफरातफरी
बरेली। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग ने थोक दवा बाजार में शुक्रवार को अचानक छापा मारा। इस दौरान पांच दवाओं के सैंपल भरे। छापा टीम के पहुुंचने की भनक लगते ही शास्त्री मार्केट और आसपास के बाजार में हड़कंप मच गया।
सहायक आयुक्त औषधि संजय कुमार ने शुक्रवार दोपहर बाद शास्त्री और दुआ मार्केट में छापा मारने के लिए टीम रवाना की। थोक दवा बाजार में पहुंची एफएसडीए टीम में शामिल औषधि निरीक्षक विवेक कुमार और बबिता रानी ने पहले से ही चिह्नित थोक व्यापारियों के यहां स्टॉक चेक करना शुरू किया। दुआ केमिस्ट, गुलाटी, शिवा मेडिकल समेत चार प्रतिष्ठानों से टीम ने पांच दवाओं के सैंपल भरे। टीम के एजेंडे में नारकोटिक्स दवाओं का कारोबार था, इसलिए संबंधित व्यापारियों से दवाओं की खरीद-फरोख्त के अभिलेख भी तलब किए गए, लेकिन थोक दुकानदार नहीं दिखा पाए। खरीद-फरोख्त संबंधी अभिलेख न दिखाने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने पर लाइसेंस निलंबन और रद्द करने की कार्रवाई होगी। बताया जाता है कि एफएसडीए की टीम ने कोरेक्स सीरप, ट्रेमाजेक कैप्सूल और गोली आदि दवाओं के पांच सैंपल भरे हैं।
थोक दवा बाजार में विभागीय टीम ने चेकिंग कर पांच नमूने भरे हैं। चार प्रतिष्ठानों से खरीद-फरोख्त संबंधी अभिलेख तलब किए लेकिन मौके पर कुछ भी नहीं दिखा पाए। इसलिए विभाग नोटिस जारी कर संबंधित अभिलेख मांगेगा। निर्धारित समय में जवाब न देने वालोें के विभाग लाइसेंस रद्द कर सकता है। - विवेक कुमार, औषधि निरीक्षक