नवाबगंज। कम दामों में सिलाई मशीन देने का झांसा देकर एक ठग और उसके साथियों ने पांच युवतियों से हजारों रुपये ठग लिए, जब युवतियों को सिलाई मशीन नहीं मिली तो उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। युवतियों ने ठग से अपने रुपये वापस मांगे तो वह उनसे गाली गलौज करने लगा। घटना की तहरीर युवतियों ने थाना नवाबगंज में देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के मियांपुर गांव की उपासना, केशलता, प्रिया, सुमन व अनामिका का आरोप है कि उनके गांव में ही रहने वाला एक ग्रामीण उनके घर आया और उन्हें बताया कि उसका एक साथी जनपद पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र के हरहरपुर गांव में रहता है। वह 3100 रुपये में सिलाई मशीन दे रहा है। उनसे सिलाई मशीन लेने पर वह कपड़े भी सिलाई पर सिलने के लिए देता है। बाद में उसने उनकी अपने दोस्त और उसकी पत्नी से उसकी मुलाकात कराई। इसके बाद उन्होंने उसे और उसके दोस्त को रुपये दे दिए, तब उन दोनों ने पांच छह दिनों में उन्हें सिलाई मशीन देने की बात कही, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी जब उन्हें सिलाई मशीनें नहीं मिली हैं। संवाद