बरेली। शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 10.20 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र की वीना शर्मा वाली गली निवासी विवेक कुमार ने बताया कि अगस्त में उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप का लिंक मिला था। इसमें शेयर मार्केट में निवेश के टिप्स दिए जाते थे। इसी ग्रुप के एडमिन की अलग-अलग नंबर से कई बार कॉल आई थी। उसने ही एक फर्जी डीमैट अकाउंट खुलवा दिया। इसके बाद निवेश के लिए खाते में धनराशि डालने को कहा गया।
विवेक ने 29 अगस्त से 20 सितंबर के बीच 10.20 लाख रुपये खाते में जमा कर दिए। उन्होंने 8.20 लाख रुपये एचडीएफसी बैंक की सुभाषनगर ब्रांच से निकालकर जमा किए थे और दो लाख रुपये पत्नी कमलेश कुमारी के खाते से निकालकर जमा किए थे। ट्रेडिंग के बाद 26 सितंबर को रुपये वापस मांगे तो 10 प्रतिशत सर्विस चार्ज मांगा गया। चार्ज न देने की स्थिति में रुपये लौटाने से मना कर दिया गया। इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो थाने पहुंचकर तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज कर साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।