चौपुला पुल से वाहनों का आवागमन मंगलवार सुबह आठ बजे से 45 दिनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) बदायूं डिवीजन की ओर से पुल की मरम्मत कराई जाएगी। इस दौरान भारी वाहनों, तेल टैंकर, डेयरी उत्पाद वाहन, रोडवेज बसों, सिटी बसों, ट्रैैक्टर-ट्राॅलिया का रूट डायवर्जन किया गया है। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खां ने रविवार को इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है।
बदायूं से शहर आने वाले सभी वाहन चौपुला पुल की ओर जाने के बजाय रामगंगा तिराहे से बुखारा मोड़ होते हुए आएंगे। चौपुला चौराहे से बदायूं रोड पुल, गन्ना मिल की तरफ सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। नैनीताल व पीलीभीत की तरफ से बदायूं जाने वाले वाहन बियावानी कोठी, बुखारा मोड़, रामगंगा होते हुए आएंगे व जाएंगे।
दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर की तरफ से बदायूं जाने वाली रोडवेज बसें चौकी चौराहा, बुखारा मोड़, रामगंगा तिराहा होते हुए आ-जा सकेंगी। बदायूं रोड की काॅलोनियों जैसे करगैना, बीडीए, सुभाषनगर आदि में रहने वाले लोग दो पहिया वाहन से सुभाषनगर, मढ़ीनाथ मंदिर के रास्ते से शांति विहार कालोनी होते हुए मढ़ीनाथ पुल से चौपुला व सिटी स्टेशन की तरफ से आ-जा सकेंगे एवं सुभाषनगर चुंगी वाजपेयी ढाल, सुभाषनगर पुलिया होते हुए स्टेशन रोड तक आ-जा सकेंगे।
वर्जन
चौपुला पुल को 45 दिनों के लिए बंद कर रूट डायवर्जन किया गया है। सुभाषनगर, रामगंगा तिराहा, चौपुला पुल सहित प्रमुख स्थानों पर वाहनों को डायवर्ट करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि आवागमन में अवरोध न पैदा हो। लोगों से अनुरोध है कि पुल मरम्मत व निर्माण कार्य को देखते हुए चौपुला, बदायूं रोड की तरफ जाने-आने के लिए वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें। - अकमल खां, एसपी ट्रैफिक