बरेली। दोस्त के साथ स्कूटी से घूमने निकली छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने भगवान धीमरी गांव के धर्मेंद्र, अनुज, विशाल, अमित, नरेश और नीरज के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने छात्रा को मुआवजा दिलाने के लिए फाइल कोर्ट भेज दी है।
बारादरी इलाके की 12वीं की छात्रा 31 मई, 2021 की शाम अपने दोस्त के साथ स्कूटी से घूमने निकली थी। दोस्त का एक साथी भी उनके साथ था। आरोप था कि इज्जतनगर क्षेत्र में बड़ा बाईपास पार करने के बाद वे लोग भगवानपुर धीमरी गांव की ओर पहुंचे तो वहां नहर के पास खड़े छह लड़कों ने उन्हें घेर लिया। स्कूटी चला रहा छात्रा के दोस्त का साथी तो वहां से भाग निकला लेकिन आरोपियों ने छात्रा और उसके दोस्त को पकड़ लिया। दोस्त को पीटकर बेहोश करने के बाद आरोपियों ने खेत में फेंक दिया और छात्रा को नहर के पार झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया। इस मामले में छात्रा की तहरीर पर थाना इज्जतनगर में धर्मेंद्र, अनुज, विशाल, अमित, नरेश और नीरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट एससी/एसटी और आईटी एक्ट की धाराओं में चार्जशीट लगाई है।