बरेली/ सीबीगंज। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में केमिकल इंजीनियर और बुजुर्ग उद्यमी एसके अग्रवाल, उनकी पत्नी मधुलिका अग्रवाल और नौकरानी अंशु कश्यप की हत्या कर सनसनी फैलाने वाले चौथे आरोपी संजू को भी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की तरह संजू ने भी यही कहा है कि हत्या मैंने नहीं की। आगे संजू बोला, हत्याएं अजय ने की थी।
ट्रिपल मर्डर केस का आरोपी संजू अदालत में हाजिर होने की फिराक में था। इसी सिलसिले में बृहस्पतिवार रात को वह भमोरा के गांव मिलक मझारा में अपनी ससुराल आया था। पुलिस ने उसके साले का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया। इसी दौरान संजू के बातचीत करने पर ही उसकी लोकेशन ट्रेस हो गई और पुलिस टीम ने उसे ससुराल के पास से ही दबोच लिया। थाने लाए गए आरोपी एसपी सिटी समीर सौरभ के अलावा सीओ द्वितीय स्नेहलता और सर्विलांस की टीम ने भी उससे पूछताछ की।