अगले सात दिनों में तापमान 29 डिग्र्री सेल्सियस तक संभव
विज्ञापन
मौसम विभाग ने बारिश की संभावना से किया इनकार, अब तापमान में होगी बढ़ोतरी
बरेली। पिछले दिनों मौसम के यूटर्न से ओलों के साथ हुई बारिश ने शहरवासियों को एक बार फिर ठंड का एहसास कराया था। साथ ही किसानों को भी भारी नुकसान का सामना करना पड़ा था। अब मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में करीब सात दिनों तक हल्के बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं होने की उम्मीद जताई गई है। उन्होंने किसानों को इस दौरान फसलों की कटाई और उन्हेें सहेजने का सुझाव दिया है।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक, सोमवार को दिन में शहर पर पश्चिमी विक्षोभ हावी रहा। हल्के बादल भी छाए रहे, लेकिन मौसम अनुकूल न होने की वजह से बरसात नहीं हुई। वहीं, देर रात हवा की दिशा बदलने से मंडरा रहे बादलों का जमावड़ा फिलहाल खत्म हो गया है। बताया कि करीब सात दिनों तक कमोवेश ऐसा ही मौसम रहेगा। अब पूर्व उत्तर पूर्व दिशा से चल रही हवा के असर से अधिकतम और न्यूनतम पारा में भी बढ़ोतरी होगी। मंगलवार को दिन भर खिली चटख धूप की वजह से अधिकतम तापमान तीन डिग्री की बढ़त के साथ 27.6 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अनुमान के मुताबिक, अगले सात दिनों में तापमान 29 डिग्र्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।