बरेली। किला क्षेत्र के साहूकारा स्थित एक गत्ता कारोबारी के आवास और गोदाम पर बुधवार को सेंट्रल गुड्स एंड सर्विस टैक्स (सीजीएसटी) की एसआईबी टीम ने छापा मारा। इसकी सूचना से कारोबारियों में खलबली मची रही। रात करीब नौ बजे टीम के लौटने से उन्होंने राहत की सांस ली। एक-दूसरे को कॉल कर कार्रवाई की जानकारी लेते रहे।
कारोबारियों से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे सीजीएसटी की टीम गत्ता कारोबारी के साहूकारा स्थित प्रतिष्ठान पर पहुंची। यहीं कारोबारी का आवास और गोदाम भी है। आठ गाड़ियों से पहुंची टीम के अधिकारियों ने परिवार के लोगों के फोन जब्त कर लिए। जांच के दौरान आवाजाही प्रतिबंधित कर दी। रात करीब नौ बजे तक चली जांच के दौरान कारोबार संबंधी अभिलेख समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं। जांच में अभी तक क्या मिला? इस पर टीम के सदस्य और स्थानीय अधिकारियों ने कोई जानकारी नहीं दी।
सूत्रों के मुताबिक संबंधित व्यापारी करीब 20 वर्षों से गत्ते का कारोबार कर रहा है। इसमें बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी की शिकायत मिलने पर टीम ने कार्रवाई की। ब्यूरो