केंद्रीय कारागार का निरीक्षण करते डीएम और एसएसपी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
डीएम और एसएसपी ने सेंट्रल जेल पहुंचकर वरिष्ठ अधीक्षक के साथ की मीटिंग
बरेली। कोरोना संक्रमण को देखते हुए हाईकोर्ट के निर्देश पर सेंट्रल जेल में बंद उम्रदराज कैदी 60 दिन की पैरोल पर रिहा किए जाएंगे। शुक्रवार को सेंट्रल जेल में डीएम, एसएसपी और वरिष्ठ अधीक्षक ने मीटिंग की।
सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक आरएन पांडेय ने बताया कि याचिका दायर होने के बाद हाईकोर्ट ने सेंट्रल जेल में बंद उम्रदराज कैदियों को 60 दिन की पैरोल पर रिहा करने का आदेश दिया है। इसको लेकर एक हाईपावर कमेटी बनाई गई है। जिला स्तर पर इस कमेटी में डीएम, एसएसपी और सेंट्रल जेल अधीक्षक को शामिल किया गया है। शुक्रवार को इसी कमेटी की मीटिंग हुई थी। जिसमें कैदियों को छोड़ने के संबंध में विचार विमर्श किया गया है। एक-दो दिन में ऐसे कैदियों को चिह्नित कर उनकी सूची शासन को भेजी जाएगी और शासन के निर्देशानुसार उन्हें 60 दिन की पैरोल पर रिहा किया जाएगा। यह निर्णय कोरोना संक्रमण को देखते हुए लिया गया है। मीटिंग के बाद डीएम नितीश कुमार और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने सेंट्रल जेल में निरीक्षण भी किया। इस दौरान सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली हैं।