परसाखेड़ा स्थित फैक्टरी भी जा सकती है टीम
नोएडा से आई जीएसटी की टीम कारोबारी के घर के बाद उनकी फैक्टरी भी जा सकती है। बताया जा रहा है कि वहां भी कारोबार से जुड़े अहम दस्तावेज मिल सकते है। हालांकि कारोबारी के घर के बाहर भी माल से लदी गाड़ी खड़ी हुई थी, जिससे अनुमान है कि माल कारोबारी के घर में भी रहता है।
कारोबारी के लैपटॉप व दस्तावेज सील, जांच जारी
कारोबारी तरुण व वरुण अग्रवाल के घर सेंट्रल जीएसटी की छापामारी के बाद शहर के बड़े कारोबारियों में खलबली मच गई। वह एक दूसरे को फोन करके जानकारी लेते रहे। अधिक मात्रा में कैश मिलने के बाद आयकर विभाग ने कारोबारी के यहां मिले कैश को बैंक के सुपुर्द कर दिया है साथ ही लैपटॉप समेत लेन-देन के दस्तावेज को सील कर दिया गया है। बुधवार को भी विभाग इसकी जांच करेगा। वहीं जीएसटी की टीम द्वारा जांच अभी जारी रह सकती है।
सोना मिलने की अफवाह फैली
व्यापारियों ने बताया कि कारोबारी की परसाखेड़ा में फैक्टरी के अलावा रोडवेज के पास दुकान भी है। यहां पर फैक्टरी में बना माल बेचा जाता है। बड़ा व्यापार होने के चलते कई जगह कारोबारी ने गोदाम बना रखे हैं। जीएसटी की टीम ने अभी सिर्फ घर पर ही छापेमारी की है, लेकिन अगर जरूरत हुई तो टीम परसाखेडा स्थित फैक्टरी व रोडवेज स्थित दुकान पर भी छापेमारी कर सकती है। वहीं रात में कारोबारी के घर पर दो किलो सोना मिलने की अफवाह फैल गई।
नोट गिनने के लिए मंगाई मशीन
लोग एक दूसरे से फोन करके मामले की जानकारी लेते रहे। हालांकि सोना मिलने की पुष्टि नहीं हो सकी। कारोबारी के यहां नोट मिलने के बाद आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। नोट अधिक होने के कारण आयकर विभाग ने नोट गिनने के लिए मशीन मंगाई। जिसके बाद वहां मिले नोटों की गिनती शुरू हुई। सूत्र बताते हैं कि मशीन गरम पड़ने के बाद कुछ देर नोट की गिनती रोकनी पड़ी।