पुलिस वारदातों की जांच-पड़ताल के लिए दुकानों के सीसी कैमरों का ले रही सहारा
शीशगढ़। शीशगढ़ नगर पंचायत में एक माह से 29 सीसी कैमरे खराब हो गए हैं। इनको दुरुस्त न कराने से चोरी, सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। अब पुलिस वारदातों की जांच के लिए दुकानों के सीसी कैमरों का सहारा ले रही है।
लोगों ने बताया कि कस्बे में नगर पंचायत की ओर से 29 सीसी कैमरे अलग-अलग जगहों पर लगाए गए थे। इन कैमरों को लगाने का मकसद चोरी, छिनैती आदि वारदातों पर अंकुश लगाने और व्यवस्था में कड़ाई लागू करना था, लेकिन इन कैमरों के खराब होने के बाद भी इस पर किसी की नजर नहीं पड़ी।
जानकारी के अभाव में नगर पंचायत और प्रशासन ने भी ढुलमुल रवैया अपनाए रखा है। इससे आए दिन दुर्घटनाओं, चोरी आदि के लिए सबूत इकट्ठे करने के लिए पुलिस को परेशानी हो रही है।
कस्बे में बरेली बस स्टैंड तिराहा, होली चौराहा, नगर पंचायत, बिलासपुर बस स्टैंड मोड़, बहेड़ी बस स्टैंड मोहल्ला गौड़ी सहित कई महत्वपूर्ण जगहों पर सीसी कैमरे खराब पड़े हैं। अधिशासी अधिकारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि सीसी कैमरों के खराब होने की जानकारी पर इंजीनियर को ठीक करने के लिए बोला गया है। जल्द ही इसको ठीक करा दिया जाएगा। संवाद