बरेली। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्ररी एजुकेशन (सीबीएसई) की परीक्षा के बाद अब स्टूडेंट प्रश्नपत्र पर फीडबैक दे सकेंगे। 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थी प्रश्नपत्र संबंधी समस्या होने पर प्रिंसिपल को लिखित जानकारी देंगे। परीक्षार्थी इस फीडबैक के तहत पेपर के आउट ऑफ कोर्स होने, स्तरहीन सवाल पूछे जाने, भाषागत त्रुटियां, पेपर ज्यादा बोझिल होने आदि के बारे में शिकायत और सुझाव दे सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने बताया कि इसके लिए बोर्ड ने सभी प्रिंसिपल को निर्देश दिया है कि वह छात्रों का फीडबैक लेकर बोर्ड को भेजें। परीक्षा के बाद स्टूडेंट्स प्रश्नपत्र के बारे में लिखकर देंगे और प्रिंसिपल इसे बोर्ड को भेजेंगे। सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों को विद्यार्थियों से परीक्षा के बाद 24 घंटे में प्रश्नपत्रों पर फीडबैक लेना होगा।
15 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं
इस साल सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी। 12वीं की परीक्षाएं 30 मार्च तक और 10वीं की 20 मार्च तक चलेंगी। बोर्ड ने परीक्षा को लेकर किसी तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है। साथ ही बोर्ड ने स्टूडेंट्स और अभिभावकों को भी सलाह दी है कि वे ऐसी किसी अफवाह से विचलित न हों।