बरेली। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में सभी परीक्षा केंद्रों पर आइसोलेशन वार्ड बनाए जाएंगे। आइसोलेशन वार्ड में सभी मेडिकल सुविधाएं मौजूद होंगी। सिटी कोआर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि परीक्षा केंद्र बनाने के लिए जल्द प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा चार मई से शुरू हो रही हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए परीक्षा में इस बार काफी सावधानी बरती जाएंगी। सीबीएसई द्वारा जो गाइडलाइन जारी की गई है, उसके अनुसार परीक्षा केंद्रों पर इस बार आइसोलेशन वार्ड बनाएं जाएंगे। जितने भी परीक्षा केंद्र होंगे, सभी में एक-एक आइसोलेशन वार्ड होगा और उसमें सभी मेडिकल सुविधाएं होंगी। इसमें बुखार की दवाई, मास्क, सैनिटाइजर, ग्लब्स समेत अन्य सामान होंगे। सिटी कोआर्डिनेटर ने बताया कि सीबीएसई की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। परीक्षा केंद्र बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई हैं। छात्र संख्या के हिसाब से केंद्रों का निर्धारण होगा।